देहरादून, 11 जुलाई 2025: देहरादून के लक्की बाजार स्थित निशांत ट्रेडर्स के गोदाम से नकली ITC Gold Flake सिगरेट की एक बड़ी खेप बरामद की गई है। STF और ITC की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम देते हुए कुल 2210 डिब्बियां (22,100 सिगरेट) नकली Gold Flake सिगरेट बरामद कीं। इन सिगरेटों पर ITC कंपनी का नकली लोगो लगा हुआ था और सभी डिब्बियों का बैच नंबर एक ही पाया गया, जो फर्जीवाड़े की पुष्टि करता है।
इस मामले में ITC द्वारा अधिकृत कंपनी Lancer Network Ltd के प्रतिनिधि अनुकल्प सिंह के नेतृत्व में टीम देहरादून पहुंची थी। ग्राहक बनकर छानबीन के दौरान निशांत ट्रेडर्स की दुकान पर नकली सिगरेट बेचने की पुष्टि हुई। इसके बाद STF निरीक्षक नंद किशोर भट्ट व उनकी टीम ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में गोदाम की तलाशी ली।
दुकान व गोदाम के मालिक निशांत गर्ग पुत्र स्व. सोहनलाल गर्ग, निवासी, थाना पटेलनगर ने स्वीकार किया कि यह सिगरेट नकली है और उसने बिना किसी वैध बिल या दस्तावेजों के माल खरीदा था। पूछताछ में उसने बताया कि यह माल उसे गौरव (निवासी मुजफ्फरनगर) के माध्यम से दिल्ली निवासी समीर राजा और बिलाल उर्फ मजहर से मिला था।
बरामद सिगरेट को 4 अलग-अलग प्लास्टिक कट्टों में सील किया गया और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई, जिसे पेन ड्राइव में सुरक्षित रखा गया है। मौके पर पुलिस के ASI सर्वेश कुमार और कांस्टेबल शैलेन्द्र भी मौजूद रहे।
प्राथमिकी दर्ज करने हेतु कोतवाली नगर में शिकायत दी गई है। ITC प्रतिनिधि ने मांग की है कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
नोट: उक्त कार्रवाई में ITC कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की नकली सिगरेट बाजार में बेचकर न केवल ग्राहकों के स्वास्थ्य के साथ धोखा किया जा रहा है, बल्कि कंपनी की ब्रांड छवि को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। पुलिस अब नकली सिगरेट गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।