दून क्लब के पास ठेली लगाने वाले युवक की हथौड़े से हत्या, आरोपी फरार

देहरादून, 4 जुलाई 2025: शहर के डालनवाला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहाँ दून क्लब के पास ठेली लगाने वाले युवक की दिनदहाड़े हथौड़े से वार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सन्तोष साहू के रूप में हुई है, जो सड़क किनारे आलू-प्याज की ठेली लगाकर अपनी जीविका चला रहा था।

मामले में मृतक के छोटे भाई राहुल साहू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह स्वयं आम की ठेली लगाए हुए था और उसके बगल में उसके बड़े भाई सन्तोष साहू की ठेली थी। इसी दौरान एक व्यक्ति, जिसकी पहचान सिबरन साहनी (पुत्र रतन साहनी, निवासी छपरा, बिहार; वर्तमान पता – लसियाल चौक, इन्दिरा कॉलोनी) के रूप में हुई है, सन्तोष की ठेली पर आया और गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने लगा।

राहुल ने जब बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया, तो हाथापाई के दौरान उसके हाथ में पहने कड़े से सिबरन के चेहरे पर खरोंच लग गई। इस पर सिबरन ने पट्टी कराने की बात कही। राहुल ने उसे एक्टिवा से अस्पताल चलने को कहा, लेकिन सिबरन ने सन्तोष के साथ जाने की जिद की।

जैसे ही सन्तोष उसे स्कूटी पर लेकर अस्पताल की ओर जा रहा था, करनपुर शराब ठेके के पास अचानक सिबरन ने हथौड़े से उस पर हमला कर दिया। स्कूटी गिर गई और इसी दौरान सिबरन ने सन्तोष के सिर पर लगातार हथौड़े से वार किए और मौके से फरार हो गया।

घायल सन्तोष को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने आरोपी सिबरन साहनी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। डालनवाला थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।