जाखन में पालतू रोटवीलर ने महिला को बनाया शिकार, अस्पताल में भर्ती

देहरादून, 6 जुलाई 2025: राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत किशनपुर, जाखन इलाके में सोमवार सुबह एक बेहद गंभीर घटना सामने आई, जब एक 70 वर्षीय महिला पर रोटवीलर नस्ल के दो खतरनाक पालतू कुत्तों ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता कौशल्या देवी, जो रोज़ाना की तरह सुबह 4 बजे मंदिर जा रही थीं, तभी अचानक कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के बेटे उमंग निर्वाल ने राजपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि यह हमला मोहल्ले के ही निवासी मौ. जैद के घर में पाले गए दो रोटवीलर कुत्तों द्वारा किया गया, जो अक्सर बगैर निगरानी के घूमते रहते हैं।

हमले के बाद गंभीर रूप से घायल कौशल्या देवी को तुरंत दून अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान हालात में सुधार न होने पर उन्हें महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

शिकायतकर्ता उमंग निर्वाल ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब इन कुत्तों ने किसी पर हमला किया हो। मोहल्ले के अन्य लोग पहले भी इनके आक्रामक व्यवहार को लेकर विरोध जता चुके हैं, लेकिन कुत्तों के मालिक ने कोई ध्यान नहीं दिया।